रायपुर। जबलपुर के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद छत्तीसगढ़ में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हो गई, 28 को सुरक्षित बचाया गया, जबकि 4 लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। घटना के बाद राज्य में वाटर स्पोर्ट्स स्थलों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिलों—खासतौर पर धमतरी, कोरबा और जशपुर—के कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जहां-जहां वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां संचालित हो रही हैं, वहां सुरक्षा मानकों की तत्काल जांच और ऑडिट कराया जाए। साथ ही स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सीएम ने यह भी निर्देश दिए हैं कि इन स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाए और प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रेस्क्यू उपकरण, लाइफ जैकेट और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
सीएम साय ने स्पष्ट कहा—
“राज्य शासन नागरिकों एवं पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करता है। इस दृष्टि से यह आवश्यक है कि वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां पूर्णतः सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं मानक अनुरूप संचालित हों, जिससे संभावित जोखिमों का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके”
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा हो और समय-समय पर इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाए। सतर्कता और जवाबदेही के साथ काम कर इन स्थलों को सुरक्षित बनाया जा सकता है।





