छत्तीसगढ़

प्रदेश में गर्मी का कहर, येलो अलर्ट जारी; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर

रायपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान विभाग ने हालात को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की आशंका जताई है। तेज गर्मी के चलते लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ गया है।

गर्मी के इस बढ़ते असर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है और आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने मीडिया से चर्चा में कहा कि “सीएमएचओ की बैठक में मौसमी बीमारी के साथ साथ मौसम परिवर्तन को लेकर दिशा निर्देश जारी किया गया है. सभी जगह ठंडे पानी की व्यवस्था के साथ खराब पंखा, कूलर, एससी को ठीक करने निर्देश दे दिए गए हैं. लू लगने और अन्य बीमारियों की आशंका के बीच उपचार के लिए जरूरी दवाइयों के स्टॉक के साथ ही पूरी तैयारी करने निर्देश जारी कर दिए गए है.”

प्रदेश में गर्मी का असर अब साफ तौर पर जनजीवन पर दिखने लगा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है और लोग केवल जरूरी काम के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, क्योंकि इस दौरान धूप सबसे ज्यादा तेज रहती है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राजनांदगांव में सबसे अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं राजधानी रायपुर में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा माना में 42.5, बिलासपुर में 42.8, जगदलपुर में 40, पेंड्रा रोड में 39.9 और अंबिकापुर में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बाहर निकलते समय सिर ढककर रखें, हल्के और सूती कपड़े पहनें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। इसके लिए नियमित रूप से पानी, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts