गरियाबंद में एक अजीब मामला सामने आया है, जहां नहर में गांजा से भरे पैकेट बहते हुए मिले। आमतौर पर गांजा खेतों में उगाया जाता है, लेकिन यहां लोगों ने इसे पानी में बहते देखा। यह घटना मोहतरा से अतरमरा के बीच की है, जहां नहर में संदिग्ध पैकेट नजर आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पाण्डुका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एक-एक कर कुल 17 पैकेट बरामद किए। बताया जा रहा है कि ये पैकेट नेशनल हाइवे 130 से करीब 5 किलोमीटर दूर फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर में बह रहे थे। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इन पैकेट्स में करीब 68 किलो से ज्यादा गांजा हो सकता है, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपए आंकी जा रही है।
जाहिर है कि पुलिस की पकड़ से बचने के लिए गांजा तस्कर नहर में पैकेट फेंक गए थे। अब तस्करों तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। नहर में इस तरह गांजा बहते मिलने की यह संभवत: पहली घटना मानी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह तस्करी का नया तरीका तो नहीं।





