छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुम्हारी थाना क्षेत्र के खपरी गांव में एक घर में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में एक चार साल का बच्चा भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार घर में अचानक तेज धमाके के साथ सिलेंडर ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि देखते ही देखते आग पूरे मकान में फैल गई। आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर नहीं निकल सके।
हादसे में अनिल वैष्णव (45 वर्ष), चांदनी वैष्णव (18 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष) और गोपिका वैष्णव (4 वर्ष) की मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। बाद में घर के भीतर से चारों शव बरामद किए गए।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे की जानकारी मिलते ही सांसद विजय बघेल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, एसएसपी विजय अग्रवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह और जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।





