रायपुर। राजधानी रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के बीच पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक लूट की घटना का शिकार हो गए। मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, धरमलाल कौशिक सुबह करीब 8 बजे टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास बाइक सवार दो युवक अचानक पहुंचे और उनका मोबाइल झपटकर मौके से भाग निकले।
घटना के तुरंत बाद कौशिक ने पुलिस को सूचना दी। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।





