छत्तीसगढ़

सरकारी स्कूलों में स्थानीय शुल्क बढ़ाए जाने के विरोध में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, रायपुर में शिक्षा विभाग कार्यालय का घेराव कर आदेश वापस लेने की मांग

रायपुर। सरकारी स्कूलों में स्थानीय शुल्क बढ़ाए जाने के विरोध में कांग्रेस ने राजधानी रायपुर में शिक्षा विभाग के कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने जॉइंट डायरेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए फीस बढ़ोतरी के आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की।

इस मुद्दे पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा,
“जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है और बेशर्म सरकार फिर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों और उनके पालकों पर वार कर रही है।”

उन्होंने जानकारी दी कि हाई स्कूल स्तर पर स्थानीय शुल्क में 90 रुपये और हायर सेकेंडरी स्कूलों में 105 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यह फैसला वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।

दरअसल, स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सरकारी स्कूलों, स्वामी आत्मानंद स्कूलों और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में स्थानीय शुल्क बढ़ाने का आदेश जारी किया था। नए आदेश के मुताबिक हाई स्कूल के छात्रों को अब 410 रुपये की जगह 500 रुपये और उच्चतर माध्यमिक के विद्यार्थियों को 445 रुपये के बजाय 550 रुपये शुल्क देना होगा।

प्रदेश में लगभग 56 हजार स्कूल संचालित हैं, जिनमें करीब 56 लाख विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें से 44 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत हैं। ऐसे में फीस बढ़ोतरी का असर बड़ी संख्या में अभिभावकों पर पड़ने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts