कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। चिल्फी घाटी स्थित नेशनल हाईवे 30 पर बोड़ला के पास ट्रेलर और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही ट्रैफिक बहाल करने के लिए दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, “टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।”
बोड़ला क्षेत्र में कई खतरनाक ब्लैक स्पॉट होने की बात भी सामने आई है, जहां लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि “इन स्थानों पर सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।”





