छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर: बिलासपुर सबसे गर्म, 5 दिन हीट वेव का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सबसे ज्यादा गर्मी बिलासपुर में रिकॉर्ड की गई, जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना जताई है। साथ ही मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान विभाग रायपुर केंद्र के अनुसार, मुंगेली में 43.9°C, सक्ती में 43.8°C, जबकि बालोद और कबीरधाम में 43.5°C तापमान दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान भी 43.5°C रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा रहा।

वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

मौसम विभाग ने साफ कहा है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है। रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान में 21 मई को आसमान मुख्यतः साफ रहने और अधिकतम तापमान 44°C तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर में जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।

हालांकि प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts