छत्तीसगढ़राजनीति

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं, कांग्रेस के बोरे बासी अभियान और बैठकों पर साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने श्रमिक दिवस और सुशासन तिहार को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने श्रमिकों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार उनके लिए सुरक्षित माहौल बनाने की दिशा में काम कर रही है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के बोरे बासी दिवस, पार्टी की बैठकों और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के दौरे पर भी आलोचना की है।

श्रमिकों के हित में सरकार काम कर रही
अरुण साव ने श्रमिक दिवस की बधाई देते हुए कहा कि, “श्रमिकों के पसीने से विकसीत भारत का निर्माण हो रहा है। श्रम कानूनों में परिवर्तन कर सरकार उनके हित में काम कर रही हैं। श्रमिकों को सुरक्षित वातावरण मिले इसके लिए सरकार काम कर रही है।”

सुशासन तिहार को लेकर जानकारी
उन्होंने सुशासन तिहार के बारे में बताया कि यह कार्यक्रम आज से 10 जून तक चलेगा। इस दौरान निचले स्तर के अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक आम जनता से सीधे संवाद करेंगे और योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि, “मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जनता के हित में काम कर रहे हैं। सरकार आपके गांव तक पहुंच रही है। अपनी समस्या जरुर बताएं ताकि छत्तीसगढ़ विकसीत हो।”

बोरे बासी अभियान पर तंज
उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के बोरे बासी अभियान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, “कांग्रेस दिखावे की राजनीति की आदी रही है। बोरे बासी के घोटाले को जनता भूली नहीं। ये लोग काटा चम्मच से बोरे बासी खा रहे थे। प्रदेश के लोग नियमित रूप से बोरे बासी खाते हैं। यह कोई एक दिन का त्यौहार नहीं है। छत्तीसगढ़िया लोगों को बोरे बासी खिलाने का नाटक कांग्रेस बंद करे।”

कांग्रेस की बैठक और गतिविधियों पर टिप्पणी
कांग्रेस की बैठकों को लेकर भी उन्होंने कहा कि, “कांग्रेस के नेताओं के अभियान का हश्र जनता ने देखा है। सभी राजनीतिक दलों को गतिविधि का अधिकार है। कांग्रेस जनहित और जनता से दूर जा चुकी है। कांग्रेस को इसका कोई लाभ नहीं मिलेगा।”

सचिन पायलट के दौरे पर भी हमला
सचिन पायलट के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी अरुण साव ने टिप्पणी करते हुए कहा कि, “कांग्रेस पार्टी का जनहित और सरोकार नहीं। जनता और देशहित से कोई लेना-देना नहीं है। जनता कांग्रेस से दूर जा चुकी है। कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता भी दूर जा चुके हैं। इसका कोई परिणाम नहीं आने वाला है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts