मनोरंजन

बेटे आरव को 6 साल तक विद्या बालन से लगता रहा डर, अक्षय कुमार ने सुनाया दिलचस्प किस्सा

इन दिनों अक्षय कुमार अपनी अपकमिंग फिल्म भूत बंगला को लेकर सुर्खियों में हैं और इसके प्रमोशन में व्यस्त हैं। हाल ही में दिल्ली में हुए एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान उन्होंने अपने बेटे आरव और विद्या बालन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया।

अक्षय ने बताया कि उनकी नई फिल्म ‘भूत बंगला’ और भूल भुलैया के बीच काफी अंतर है। उन्होंने कहा, ‘भूत बंगला एक हॉरर फैंटेसी फिल्म है, यह डिज्नी फिल्म जैसी है। भूल भुलैया एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर थी। फिल्म की शुरुआत में ही पता चलता है कि उस पर किसी आत्मा का साया है और बाद में पता चलता है कि यह एक मानसिक समस्या है। लेकिन भूत बंगला की बात करें तो इसमें हमने बताया है कि वधूसुर कैसे आया और वह ऐसा क्यों कर रहा है। यह फिल्म बच्चों के लिए भी है।’

इसी दौरान अक्षय ने अपने बेटे आरव से जुड़ा एक अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया, ‘मैं अपने बेटे आरव से बात कर रहा था और उसने मुझे बताया कि जब उसने पहली बार भूल भुलैया देखी तो वो छह साल तक विद्या बालन से डरता रहा था। जब भी वह घर आतीं आरव उनसे मिलने से इनकार कर देता। वो उनकी आंखों में नहीं देखता था। दरअसल, मेरे बेटे को हमेशा विद्या बालन में मंजुलिका की झलक दिखाई देती थी। उसे विद्या बालन से काफी परेशानी होने लगी थी।’

अक्षय ने आगे बताया कि उन्होंने बेटे को समझाने की कोशिश भी की। उन्होंने कहा, ‘मुझे आरव को समझाना पड़ा कि विद्या बालन मंजुलिका नहीं, विद्या बालन हैं और एक अच्छी इंसान हैं। हालांकि वो कभी नहीं माना। छह साल तक विद्या बालन को लेकर आरव के मन में गहरा डर बैठा रहा।’

गौरतलब है कि ‘भूल भुलैया’ में विद्या बालन ने ‘मंजुलिका’ का किरदार निभाया था, जो दर्शकों के बीच काफी चर्चित और डरावना साबित हुआ था।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts