छत्तीसगढ़

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने सक्ती जिले के ठठारी में यूनियन बैंक की नवीन शाखा का किया वर्चुअल शुभारंभ

छत्तीसगढ़ में ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार करने और आम नागरिकों को सुलभ वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और पहल हुई है। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने आज सक्ती जिले के जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत ग्राम ठठारी में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की नवीन शाखा का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस नई शाखा के प्रारंभ होने से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रत्येक नागरिक को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने के लिए बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। गांवों में बैंक शाखाओं की उपलब्धता से न केवल नागरिकों को वित्तीय लेनदेन में सुविधा मिलती है, बल्कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक सुगमता से प्राप्त होता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी व्यवस्थाओं ने बैंकिंग सेवाओं को आम नागरिकों के अधिक निकट पहुंचाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग नेटवर्क का विस्तार इन प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेगा।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि ठठारी में यूनियन बैंक की नवीन शाखा खुलने से क्षेत्र के किसानों को कृषि संबंधी बैंकिंग सेवाओं, स्वसहायता समूहों को वित्तीय गतिविधियों तथा युवाओं और छोटे उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधाओं तक पहुंच बनाने में सहायता मिलेगी। स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध होने से नागरिकों को बैंक संबंधी कार्यों के लिए दूरस्थ स्थानों तक जाने की आवश्यकता भी कम होगी।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में ग्रामीण अर्थव्यवस्था, वित्तीय सशक्तिकरण और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण विकास, स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में सहायक होगा।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने यूनियन बैंक की नवीन शाखा के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह शाखा स्थानीय नागरिकों की बैंकिंग आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Posts