कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के प्रभावी नेतृत्व तथा सेवा संकल्प अभियान के नोडल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।
’मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से अपने विचारों और कल्पनाओं को कागज पर उकेरा। वहीं भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से विद्यालयों में रचनात्मक एवं सकारात्मक वातावरण बना।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ विचारों को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने का अवसर मिला। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में जनभागीदारी और सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। विद्यालय स्तर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से अभियान के उद्देश्यों को गति मिली।




