छत्तीसगढ़

पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाएं: उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव

कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आज पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर (कोरबा) में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब को 20 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा भी की। विधायक श्री प्रेमचंद पटेल और श्री फूलसिंह राठिया भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब की पहचान राज्य स्तर पर है। पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकार निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथयपरक पत्रकारिता के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करें। नई तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में पत्रकारिता के स्वरूप में बदलाव आया है। ऐसे समय में अनुभवी और युवा पत्रकारों के समन्वय से पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा पत्रकार इस क्षेत्र से जुड़ रहे हैं, जो समाज में जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब की गतिविधियों और समय-समय पर आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की।

समारोह में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार सदैव निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। जनसरोकारों और शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता निष्पक्षता, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों के साथ की जानी चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रहेगी। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और पूर्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक श्री कमलेश यादव, अध्यक्ष श्री नौशाद खान, उपाध्यक्ष श्री राजकुमार शाह, सचिव श्री दिनेश राज, उप सचिव श्री हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष श्री दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य श्री राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), श्री नवाब हुसैन एवं श्री आकाश शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

कार्यक्रम में कोरबा जिला पंचायत के अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर, कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, नगर निगम के सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

समारोह में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी एवं बिलासपुर प्रेस क्लब के श्री अभिजीत मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts