छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, चार वरिष्ठ IFS अधिकारियों को मिला अतिरिक्त प्रभार

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में वरिष्ठ स्तर पर प्रशासनिक बदलाव करते हुए चार भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस संबंध में आदेश जारी कर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं।

जारी आदेश के मुताबिक, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (अनुसंधान एवं मूल्यांकन) कोलेन्द्र कुमार को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ छत्तीसगढ़ राज्य वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, रायपुर के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

वहीं, ओपी यादव को प्रभारी प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव प्रबंधन एवं जैव विविधता संरक्षण) तथा सह-मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग में इसे महत्वपूर्ण नियुक्ति माना जा रहा है।

वर्ष 2001 बैच की वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी शालिनी रैना को मुख्य कार्यपालन अधिकारी (कैम्पा) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वर्तमान में वह वन मुख्यालय में प्रशासन, समन्वय तथा राजपत्रित एवं अराजपत्रित कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न कार्यों का दायित्व संभाल रही हैं।

इसके अलावा माधेश्वर डी. को प्रभारी अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास एवं योजना, बजट, लेखा एवं लेखा परीक्षण) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह वर्तमान में वन्यजीव प्रबंधन एवं योजना, राज्य जैव विविधता बोर्ड और राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण से संबंधित जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।

राज्य सरकार के इस फैसले को वन विभाग में प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी तथा सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts