मुंबई। अभिनेत्री कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। बड़े पर्दे पर रिलीज के बाद यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म Zee5 पर भी दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।
फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होने के करीब 45 से 60 दिनों के भीतर Zee5 पर स्ट्रीम होने की संभावना है। हालांकि, ओटीटी रिलीज की आधिकारिक तारीख का अभी ऐलान नहीं किया गया है।
फिल्म का निर्देशन मनोज टापड़िया ने किया है। यह फिल्म 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल में मौजूद उन साहसी कर्मचारियों को समर्पित है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बीच 400 से अधिक लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
फिल्म में कंगना रनौत एक नर्स के किरदार में नजर आएंगी। कहानी स्वास्थ्यकर्मियों की जिम्मेदारियों और उनके समर्पण को केंद्र में रखती है। अपने किरदार को लेकर कंगना ने कहा, “नर्सों का काम बहुत बड़ा होता है, मरीजों की देखभाल से लेकर पूरे अस्पताल को सुचारू रूप से चलाने तक। अगर इस फिल्म की वजह से हमारा नजरिया थोड़ा भी बदल जाए, तो यह बहुत मायने रखेगा।”
निर्माताओं को उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान को एक नए नजरिए से देखने के लिए प्रेरित करेगी।





