छत्तीसगढ़

16 जून से बदलेगा सरकारी स्कूलों का लुक, छात्रों को मिलेगी नई यूनिफॉर्म और नया ड्रेस कोड

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 16 जून से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र के साथ सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को नई यूनिफॉर्म में नजर आएंगे। छात्रों को नए रंग और डिजाइन की यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी।

स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार विद्यार्थियों को ब्लू चेक पैटर्न वाली शर्ट के साथ स्लेटी रंग की पैंट और ट्यूनिक प्रदान की जाएगी। पहले यह व्यवस्था कुछ संभागों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे पूरे राज्य में लागू किया जा रहा है। पात्र विद्यार्थियों को नए सत्र में दो-दो सेट यूनिफॉर्म दिए जाएंगे।

यूनिफॉर्म के निर्माण और वितरण का जिम्मा हाथकरघा विकास एवं विपणन संघ को सौंपा गया है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष 50 लाख से अधिक यूनिफॉर्म वितरित किए जाने हैं। इनमें से 28 लाख से ज्यादा यूनिफॉर्म तैयार कर स्कूलों तक पहुंचाई जा चुकी हैं, जबकि बाकी यूनिफॉर्म की आपूर्ति का काम तेजी से जारी है।

यूनिफॉर्म सिलाई कार्य में महिला स्व-सहायता समूहों की भी अहम भागीदारी है। प्रदेश के 2001 महिला समूह इस अभियान से जुड़े हुए हैं, जिससे हजारों महिलाओं को रोजगार और अतिरिक्त आय का अवसर प्राप्त हुआ है।

जिलों की मांग के अनुसार बिलासपुर, कोरबा, बलौदाबाजार, रायपुर, बस्तर, सूरजपुर, महासमुंद और कबीरधाम में यूनिफॉर्म की आवश्यकता सबसे अधिक दर्ज की गई है। वहीं दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए कई जिलों में दोनों सेट की आपूर्ति पूरी कर दी गई है।

विभाग का दावा है कि नए सत्र के पहले चरण में अधिकांश स्कूलों तक यूनिफॉर्म पहुंचा दी जाएगी। इसके बाद शेष जिलों में भी वितरण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को सत्र की शुरुआत से ही नई यूनिफॉर्म मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts