रायगढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा के साथ दो लग्जरी वाहन और कई मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1.86 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से दो वाहनों में भारी मात्रा में गांजा भरकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले ले जाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू की।
कटकलिया मार्ग पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की। जांच के दौरान इनोवा वाहन में दो अलग-अलग राज्यों की नंबर प्लेट लगी मिलीं। वाहन पर ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों के नंबर प्रदर्शित किए गए थे, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद वाहन में सवार निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से करीब 300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार जब्त गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 1.50 करोड़ रुपये है। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही इनोवा क्रिस्टा, मारुति सुजुकी एक्सएल-6 और पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन भी शामिल हैं, जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंका गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में उनके सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही पूरे तस्करी नेटवर्क और फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों को सरगुजा और अनूपपुर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
निखिल कश्यप (23), निवासी रामानुजगंज, जिला बलरामपुर
रिंकु कश्यप (28), निवासी चिरगापारा, थाना दरिमा, जिला सरगुजा
धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27), निवासी हराटोला, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन आघात के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





