उज्जैन। देश के प्रसिद्ध पार्श्व गायक कैलाश खेर ने विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा महाकालेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने तड़के होने वाली भस्म आरती में भाग लिया और देशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
कैलाश खेर सुबह करीब 3 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती के दर्शन किए। इस दौरान वे पूरी तरह भक्ति में लीन दिखाई दिए। करीब दो घंटे तक आरती में शामिल रहने के बाद उन्होंने नंदी महाराज का पूजन-अभिषेक भी किया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना कही।
दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका सम्मान किया गया। समिति ने उन्हें दुपट्टा और बाबा महाकाल का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत-सत्कार किया।
मीडिया से चर्चा के दौरान कैलाश खेर ने उज्जैन की आध्यात्मिक महिमा और मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा, “भारत जैसे विशाल देश के कोने-कोने से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराना आसान नहीं है, लेकिन यह चमत्कारी प्रबंधन और ऊर्जा सिर्फ राजाधिराज महाकाल के दर पर ही दिखाई दे सकती है।”





