दक्षिण भारतीय अभिनेता रामचरण और अभिनेत्री जान्हवी कपूर अपनी आगामी फिल्म ‘पेद्दी’ के प्रमोशन के लिए विजयवाड़ा पहुंचे थे। इस दौरान एक ऐसा वाकया हुआ जिसने कुछ समय के लिए कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रमोशनल इवेंट के दौरान अचानक भीड़ में मौजूद एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर स्टेज की ओर दौड़ पड़ा। खास बात यह रही कि वह देखने में काफी हद तक रामचरण जैसा लग रहा था। युवक तेजी से अभिनेता के करीब पहुंचने की कोशिश कर रहा था, जिससे मंच पर मौजूद लोग चौंक गए।
स्थिति को भांपते हुए रामचरण के पर्सनल बॉडीगार्ड और MMA फाइटर केविन कुंटा ने युवक को बीच में ही रोक लिया और उसे उठाकर स्टेज से बाहर ले गए। उनकी तत्परता की सोशल मीडिया पर काफी सराहना हो रही है।
अचानक हुई इस घटना से जान्हवी कपूर भी घबरा गईं। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह अपनी सीट पर पीछे की ओर हट जाती हैं और उनके चेहरे पर डर साफ नजर आता है। घटना के बाद कलाकारों की सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया।
रामचरण और जान्हवी कपूर की फिल्म ‘पेद्दी’ एक स्पोर्ट्स ड्रामा है। फिल्म एक ऐसे ग्रामीण युवक की कहानी पर आधारित है, जो खेलों की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाना चाहता है। कहानी का मुख्य किरदार कुश्ती, दौड़ और क्रिकेट समेत कई खेलों में माहिर दिखाया गया है। फिल्म का लेखन और निर्देशन बुच्ची बाबू सना ने किया है।





