मनोरंजन

दोस्ती, प्यार और लव ट्रायंगल का तड़का, शाहिद-कृति-रश्मिका की ‘कॉकटेल 2’ का ट्रेलर रिलीज

शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। प्यार, दोस्ती और रिश्तों की उलझनों से भरी इस कहानी में मनोरंजन का भरपूर तड़का देखने को मिल रहा है।

करीब 3 मिनट 1 सेकंड लंबे ट्रेलर की शुरुआत तीन दोस्तों की रोड ट्रिप से होती है। ट्रेलर में शाहिद कपूर कहते हैं, “जब भी कोई रिश्ता नया होता है, तो वह रोमांचक होता है क्योंकि वह नया होता है। नए दोस्त मज़ेदार होते हैं क्योंकि उनकी कहानियां हमें दिलचस्प लगती हैं। पुराने दोस्तों से वही पुरानी कहानियां सुनते-सुनते हम थक जाते हैं। लेकिन प्यार उस फटी हुई टी-शर्ट की तरह है जिसमें हमें दो रातों तक चैन की नींद आती है। लेकिन जब प्यार दोस्ती बन जाता है और दोस्ती में प्यार का रंग मिल जाता है, तो इससे बाहर निकलने का एक ही उपाय है।”

इसके बाद कहानी तीन दोस्तों की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है, जो साथ में घूमते-फिरते और मस्ती करते दिखाई देते हैं। हालांकि हालात तब बदल जाते हैं जब दोस्ती के बीच प्यार दस्तक देता है।

ट्रेलर में दिखाया गया है कि कृति सेनन और रश्मिका मंदाना दोनों ही शाहिद कपूर के करीब आने लगती हैं। इसके बाद कहानी लव ट्रायंगल का रूप ले लेती है और शाहिद दोनों के बीच उलझते नजर आते हैं। ट्रेलर के अंतिम हिस्से में कृति और रश्मिका को दुल्हन के लिबास में भी दिखाया गया है, जिससे फिल्म की कहानी को लेकर सस्पेंस और बढ़ जाता है।

फिल्म की खूबसूरती को इटली की शानदार लोकेशंस और भी खास बनाती हैं। वहीं ट्रेलर में ओरिजिनल फिल्म ‘कॉकटेल’ का लोकप्रिय गाना ‘तुम्ही हो बंधू’ भी सुनाई देता है, जो दर्शकों को पुरानी यादें ताजा कराता है।

गौरतलब है कि ‘कॉकटेल 2’, साल 2012 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है। पहली फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया था और इसे दर्शकों व समीक्षकों दोनों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी।

अब 14 साल बाद इसका सीक्वल बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रहा है। होमी अदजानिया द्वारा निर्देशित और दिनेश विजान, लव रंजन द्वारा निर्मित ‘कॉकटेल 2’ 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts