रायगढ़। रायगढ़ जीआरपी ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हीराकुंड एक्सप्रेस से करीब 10 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गांजे को ट्रेन के एसी कोच के बाथरूम में बनी फॉल्स सीलिंग के भीतर छिपाकर रखा गया था। पुलिस के पहुंचने से पहले तस्कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जीआरपी को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 20807 अप हीराकुंड एक्सप्रेस में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर ट्रेन के रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचते ही पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान एसी कोच एम-1 में संदिग्ध स्थानों की जांच की गई। इसी दौरान बाथरूम के ऊपर बनी फॉल्स सीलिंग के अंदर गांजे के पैकेट छिपे मिले। पुलिस ने सीलिंग खोलकर करीब 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
मामले में रायगढ़ जीआरपी ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रेन उड़ीसा की तरफ से आ रही थी, जिससे अंदेशा है कि गांजे की यह खेप उड़ीसा से ही लोड की गई थी।
फिलहाल पुलिस रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है, ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।





