रायपुर। रायपुर जिला कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई है। कोर्ट परिसर स्थित पुलिस चौकी के सामने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हमलावर और घायल युवक आपस में भाई हैं। दोनों किसी मामले में नियमित पेशी के लिए जिला कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक भाई ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना कोर्ट परिसर और पुलिस चौकी के सामने होने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमले के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद के एंगल से भी मामले की पड़ताल की जा रही है।





