भोपाल। मध्यप्रदेश के कक्षा 5वीं और 8वीं के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। राज्य शिक्षा केंद्र ने पुनः परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को परीक्षा आयोजन को लेकर आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षाएं 16 जून से शुरू होकर 23 जून तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा संपन्न होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य 24 जून से 28 जून के बीच किया जाएगा।
राज्य शिक्षा केंद्र ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षाओं का आयोजन पूरी पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गौरतलब है कि मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो सके छात्रों को पुनः परीक्षा के माध्यम से एक और अवसर दिया जा रहा है। ऐसे विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होकर अपनी कक्षा उत्तीर्ण कर सकते हैं।





