बिलासपुर। शहर के कोनी क्षेत्र स्थित तुर्काडीह ओवरब्रिज के पास एक युवती का कार के सनरूफ पर बैठकर डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती बीच सड़क पर कार रोककर शैंपेन की बोतल के साथ डांस करती नजर आ रही है। किसी राहगीर ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई।
वीडियो सामने आते ही यातायात पुलिस और कोनी थाना पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआती पड़ताल में पता चला है कि युवती के जन्मदिन के मौके पर यह वीडियो शूट किया गया था। घटना तुर्काडीह ब्रिज के पास की बताई जा रही है।
एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि वीडियो में दिख रहे वाहन नंबर के आधार पर कार को जब्त कर लिया गया है। उनके खिलाफ कोनी पुलिस और यातायात पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सार्वजनिक सड़क पर इस तरह के स्टंट और यातायात नियमों की अनदेखी लोगों की जान के लिए खतरा बन सकती है। इसी को देखते हुए संबंधित वाहन चालक और कार मालिक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
गौरतलब है कि बिलासपुर में पिछले कुछ दिनों से सड़क पर स्टंट और रील बनाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। एक दिन पहले ही बीएमडब्ल्यू कार पर डांस का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की थी। इसके अगले ही दिन यह नया मामला सामने आया है।





