छत्तीसगढ़

23 मई को रायपुर में रोजगार मेला, PM मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से 257 युवाओं को देंगे जॉब लेटर

रायपुर। राजधानी रायपुर में 23 मई को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसका आयोजन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल द्वारा किया जाएगा। यह कार्यक्रम पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और चयनित अभ्यर्थियों से सीधा संवाद भी करेंगे।

रायपुर रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी शिव प्रसाद पंवार ने जानकारी देते हुए कहा, “रायपुर रोजगार मेला में इस बार 257 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।” इन अभ्यर्थियों का चयन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के साथ-साथ डाक विभाग, वित्तीय सेवा विभाग, स्वास्थ्य सेवा विभाग और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड में हुआ है। चयनित अभ्यर्थी ग्रुप-A और ग्रुप-B के विभिन्न पदों पर नियुक्त होंगे।

कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं अध्यक्षता रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, रायपुर दक्षिण विधायक राजेश मूणत, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर पश्चिम विधायक सुनील सोनी और रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू मौजूद रहेंगे। साथ ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दयानंद सहित वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

नए कर्मियों को मिलेगी ‘कर्मयोगी प्रारंभ’ ट्रेनिंग
रोजगार मेले के तहत चयनित सभी नए कर्मचारियों को I GOT कर्मयोगी पोर्टल पर उपलब्ध ‘कर्मयोगी प्रारंभ’ मॉड्यूल के जरिए ऑनलाइन इंडक्शन ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें आचार संहिता, कार्य संस्कृति और नीतियों से जुड़े 400 से अधिक ई-लर्निंग कोर्स शामिल हैं, जिससे उन्हें भविष्य के लिए तैयार किया जा सके।

देशभर में 51 हजार से ज्यादा नियुक्तियां
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी देशभर के 47 अलग-अलग स्थानों से वर्चुअली जुड़ेंगे। एक ही दिन में 51 हजार से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इनमें रेल मंत्रालय, डाक विभाग, वित्तीय सेवा विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय समेत अन्य विभाग शामिल हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts