छत्तीसगढ़

आज खुलेगा कचना ओवरब्रिज, ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात, CM साय करेंगे लोकार्पण

रायपुर। राजधानी में ट्रैफिक जाम से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। कचना ओवरब्रिज शुक्रवार से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन आसान और तेज हो जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम को ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहेंगे। लोक निर्माण विभाग (PWD) के मुताबिक, इस ओवरब्रिज का निर्माण करीब 49 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है।

इस परियोजना को मार्च 2022 में 48.78 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी, जबकि कार्यादेश सितंबर 2023 में जारी हुआ। अनुबंध के अनुसार 18 महीने में निर्माण पूरा होना था, लेकिन रेलवे से ड्राइंग-डिजाइन की मंजूरी समय पर नहीं मिलने और पटरी के ऊपर स्लैब व गर्डर लगाने में देरी के कारण काम तय समय से पीछे हो गया। लंबे इंतजार के बाद अब यह ओवरब्रिज तैयार हो गया है।

शंकरनगर-खम्हारडीह मार्ग पर रोजाना भारी ट्रैफिक रहता है और रायपुर-वाल्टेयर रेललाइन पर ट्रेनों की आवाजाही के चलते कचना रेलवे फाटक अक्सर बंद करना पड़ता है। ऐसे में ओवरब्रिज शुरू होने से लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

5 से 8 बजे तक रूट डायवर्जन
लोकार्पण समारोह के चलते शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक खम्हारडीह से कचना और कचना से खम्हारडीह के बीच मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि समारोह के दौरान शाम पांच से रात 8 बजे के बीच बिना जरूरी काम के इस मार्ग पर जाने से बचें और अगर जाना जरूरी हो तो समय से पहले निकलें, ताकि जाम से बचा जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts