रायपुर के सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान से करोड़ों रुपए के सोने की चोरी का मामला सामने आया है। दुकान का पुराना कर्मचारी ही करीब 2.34 करोड़ रुपए कीमत का सोना लेकर फरार हो गया। घटना के बाद कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है और मामले से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, सदर बाजार स्थित मनोहरमल एंड कंपनी में काम करने वाला बंधवापारा निवासी सूरज साहू लंबे समय से दुकान में कार्यरत था। करीब 16 साल से काम करने और भरोसेमंद होने के कारण उसे डिस्प्ले में रखे गए सोने के जेवर वापस लॉकर में रखने की जिम्मेदारी दी गई थी।
बताया जा रहा है कि पिछले महीने उसने एक व्यापारी को दिखाने के लिए लॉकर से सोने के जेवर निकाले थे, लेकिन वापस रखने की बजाय उन्हें अपने बैग में रख लिया और चुपचाप घर चला गया। घटना के बाद भी वह कुछ दिनों तक दुकान आता रहा, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ।
करीब एक महीने बाद स्टॉक मिलान के दौरान 1,495 ग्राम सोना कम पाया गया। इसके बाद कारोबारी ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में कर्मचारी सूरज साहू संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दिया।
गायब हुए सोने के जेवरों की कीमत करीब 2.34 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।





