छत्तीसगढ़

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारी तेज, डायल 112 की 400 नई गाड़ियों को दिखाएंगे हरी झंडी

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगामी छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रदेश में तैयारियां तेज हो गई हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉयल 112 की सुविधा 16 जिलों में लागू था, अब यह पूरे प्रदेश में लागू होगा। इसके तहत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 18 मई को रायपुर पुलिस लाइन में डायल 112 की 400 से अधिक नई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया कि प्रदेश के सभी 33 जिलों में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वाहन भेजे जाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री की स्थापना की सौगात भी मिलेगी।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री 18 मई को बस्तर दौरे पर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान नेतानार सुरक्षा केंद्र को जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने की शुरुआत की जाएगी। यहां अस्पताल, स्कूल और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दौरे के दौरान मुख्य सचिव द्वारा बस्तर के विकास कार्यों को लेकर गृहमंत्री शाह को प्रेजेंटेशन भी दिया जाएगा।

इसके अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह नक्सल हिंसा से प्रभावित लोगों, शहीद जवानों के परिजनों और नक्सल उन्मूलन के लिए काम कर रहे लोगों से भी मुलाकात करेंगे। वहीं 19 मई को वे मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे, जिसमें छत्तीसगढ़ सहित चार राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए बस्तर में प्रस्तावित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा IPL बंद करने की सलाह वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा, “जो भी उनका भाव होगा, सकारात्मक दिशा में कहना चाह रहे तो जरूर ध्यान दिला देना चाहिए। वह भी अच्छा सोच रहे हैं। पीएम मोदी जो सोच रहे हैं, वैसा ही भूपेश बघेल अगर सोच रहे हैं तो एक बार उन्हें बता देना चाहिए।”

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts