मंदसौर। मंदसौर जिले के कोटड़ाबुजुर्ग गांव में आइसक्रीम खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। फूड पॉइजनिंग की आशंका के बीच 7 से 8 बच्चों को इलाज के लिए राजस्थान के भवानीमंडी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मामले की जांच की जा रही है। आइसक्रीम के सैंपल लिए गए हैं।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. दरबारसिंह ने बताया, “बच्चों की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। 8 बच्चे उपचाररत हैं। इनमें से एक बच्चे की स्थिति काफी गंभीर है।”
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आइसक्रीम खाने के कुछ देर बाद बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। कुछ बच्चों के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजन बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि आइसक्रीम कहां से लाई गई थी और उसमें किसी तरह की दूषित सामग्री या खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल तो नहीं किया गया। एहतियात के तौर पर गांव में निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी और बच्चे की तबीयत खराब न हो।





