बॉलीवुड अभिनेता शक्ति कपूर हाल ही में सोशल मीडिया पर फैली अपनी मौत की झूठी खबरों को लेकर चर्चा में आ गए। इन अफवाहों ने उनके फैंस को हैरान और परेशान कर दिया, जिसके बाद अभिनेता ने खुद सामने आकर सच्चाई बताई और फेक न्यूज फैलाने वालों पर नाराजगी जाहिर की।
73 वर्षीय शक्ति कपूर ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर साफ किया कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने इस तरह की अफवाहों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि वह इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएंगे।
वीडियो में शक्ति कपूर ने कहा, “हेलो फ्रेंड्स मेरी मौत की खबर पूरी तरह से झूठी है। मैं स्वस्थ और खुश हूं। प्लीज इसे नजरअंदाज करें। मैं इस बारे में साइबर शिकायत दर्ज करवाने जा रहा हूं। यह ठीक नहीं है।”
शक्ति कपूर ऐसे पहले अभिनेता नहीं हैं जिन्हें इस तरह की झूठी खबरों का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले कई बड़े सितारों के निधन की अफवाहें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं।
शक्ति कपूर हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय कलाकारों में गिने जाते हैं। 1980 और 1990 के दशक में उन्होंने अपनी दमदार कॉमिक और विलेन भूमिकाओं से खास पहचान बनाई। पांच दशक लंबे करियर में वह 700 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। ‘राजा बाबू’, ‘अंदाज अपना अपना’, ‘चालबाज़’, ‘कुली नंबर 1’, ‘जुड़वा’, ‘सत्ते पे सत्ता’ और ‘बोल राधा बोल’ जैसी कई फिल्मों में उनके किरदार आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।





