छत्तीसगढ़

रायपुर में हंस ट्रैवल्स पर डीआरआई का छापा, नोटों से भरे तीन बोरे बरामद

रायपुर। राजधानी के रिंग रोड स्थित हंस ट्रैवल्स कार्यालय में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा है। सूचना थी कि ट्रैवल कंपनी के माध्यम से करोड़ों रुपये के जाली नोटों को एक राज्य से दूसरे राज्य भेजा जा रहा है। इसी आधार पर टीम ने दबिश दी।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को 10, 20 और 50 रुपये के नोटों से भरे तीन बोरे मिले, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम को जाली नोटों को दूसरे राज्यों में पहुंचाने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पांच अफसरों की टीम ने रिंग रोड स्थित हंस ट्रैवल्स में रेड कार्रवाई को अंजाम दिया। इस छापेमारी के दौरान अफसरों को तीन बोरों से भरे नोट मिले हैं, जिन्हें पश्चिम बंगाल के कोलकाता से दिल्ली भेजने के लिए बस में चढ़ाया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता से किसी उदय सिंह बिस्वाल नामक व्यक्ति ने नोटों से भरे बोरों को दिल्ली भेजने के लिए रखा था और दिल्ली में किसी कमल किशोर गुप्ता के पास पहुंचाया जा रहा था। लेकिन डीआरआई की टीम ने रेड कार्रवाई कर नोटों के बोरों को जब्त कर लिया है। डीआरआई की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंचकर सभी पार्सलों की जांच-पड़ताल कर रही है।

बताया जा रहा है कि हंस ट्रैवल्स के मालिक विनीत गुप्ता हैं, जो मध्यप्रदेश के इंदौर के निवासी हैं। इस छापेमारी के बाद पुलिस टीम विनीत गुप्ता को भी तलब कर पूछताछ और जांच-पड़ताल कर सकती है।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts