क्रांइमछत्तीसगढ़

रायपुर में पारिवारिक विवाद के बाद जीजा ने अपनी सालियों पर गोली चलाई, एक युवती की मौत और दूसरी गंभीर रूप से घायल

रायपुर। राजधानी के मोवा-पंडरी इलाके में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज गोलीकांड सामने आया। पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अपनी दो सालियों पर फायरिंग कर दी। इस घटना में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृत युवती की पहचान गीतांजलि के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने उसके माथे पर गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी युवती दुर्गेश्वरी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर वह गुस्से में आ गया और उसने घर में मौजूद अपनी दोनों सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दोनों युवतियां घायल होकर गिर पड़ीं, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के मुताबिक घायल युवती की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस और पुलिस कमिश्नरेट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया, साथ ही उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली गई है।

डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने बताया कि पारिवारिक विवाद में गोली चलने की घटना सामने आई है। आरोपी जितेंद्र वर्मा और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दोनों सालियों पर गोली मार दी। पुलिस कमिश्नरेट की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts