छत्तीसगढ़

CG Weather Update: बदला मौसम का मिजाज, पूरे छत्तीसगढ़ में पारा 40°C से नीचे, आज फिर बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मंगलवार शाम राजधानी में तेज अंधड़ और झमाझम बारिश हुई, जिसके बाद उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। अब पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।

मंगलवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान रायपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। वहीं दक्षिणी इलाकों में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

आज भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विज्ञानी एच. पी. चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में कश्मीर और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। दूसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण मध्य प्रदेश के मध्य भाग में 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका दक्षिण मध्य प्रदेश से बिहार तक उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका दक्षिण मध्य प्रदेश से मन्नार की खाड़ी तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।

इन सभी मौसमी प्रणालियों के असर से प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही कुछ स्थानों पर अंधड़ और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।

रायपुर में 6 मई को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं और अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts