छत्तीसगढ़

आंधी-बारिश से महासमुंद में धान की फसल बर्बाद, किसानों को भारी नुकसान, प्रशासन से मदद की मांग

महासमुंद। जिले में बीती रात आई तेज आंधी और बारिश ने जहां मौसम को सुहाना बना दिया, वहीं किसानों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर दी है। रबी सीजन की खड़ी धान की फसल तेज हवाओं और पानी भरने से बुरी तरह प्रभावित हुई है। अब किसान शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।

महासमुंद मुख्यालय के आसपास के कई गांवों—कौंदकेरा, मुस्की, बनसिवनी, कांपा, गोपालपुर, सोरिद और परसदा (ब) में खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है और कई जगहों पर पानी भर गया है। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। अलग-अलग गांवों में 30 से 50 एकड़ तक फसल प्रभावित होने की बात सामने आई है। खासकर रेघा पर खेत लेकर खेती करने वाले किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान झेलना पड़ा है।

योगेश्वर चन्द्राकर, मुरली चन्द्राकर, नारायण ध्रुव समेत अन्य किसानों का कहना है कि हमारी धान की फसल तैयार थी। एक दो दिनों में फसल की कटाई करनी थी पर अचानक आई अंधड़-बारिश से आधा से ज्यादा फसल बर्बाद हो गई है। ऐसे में क्या मालिक को देंगे, क्या खाद-बीज का पैसा देगे समझ में नहीं आ रहा है।

मामले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा है कि फसल नुकसान की सूचना मिली है। सभी एसडीएम को नुकसान फसलों का आंकलन करने आदेशित किया गया है। इसके बाद नियमानुसार आर्थिक मदद की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts