छत्तीसगढ़

धमतरी में दो दंतैल हाथियों की दस्तक, कई गांवों में अलर्ट जारी

धमतरी। जिले के नगरी रेंज इलाके में दो दंतैल हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया है। हाथियों को जंगल से निकलकर सड़क पार करते हुए भी देखा गया, जिसका वीडियो राहगीरों ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सतर्कता और बढ़ा दी गई है।

नगरी रेंज के तुमबहरा क्षेत्र में इन हाथियों की लगातार गतिविधि देखी जा रही है। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के कई गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। जिन गांवों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें तुमबहरा, मटियाबहरा, चारगांव, भैंसामुड़ा, संबलपुर, अमाली, छिपली और गोरेगांव शामिल हैं।

वन विभाग के मुताबिक,
“जिले में फिलहाल दो दंतैल हाथी सक्रिय रूप से विचरण कर रहे हैं। इनकी निगरानी के लिए वन विभाग की टीम लगातार मौके पर तैनात है। करीब 20 सदस्यीय टीम हाथियों की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।”
— श्रीकृष्ण जाधव, डीएफओ, धमतरी वन विभाग

वन विभाग की ओर से गांव-गांव में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथियों के पास न जाएं और उन्हें किसी भी तरह से परेशान न करें। बच्चों और बुजुर्गों को घर के अंदर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

नगरी रेंज से लगा हुआ दुगली रेंज क्षेत्र भी संवेदनशील हो गया है, जहां हाथियों के मूवमेंट की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में वन विभाग ने दोनों रेंज क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।

फिलहाल वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts