देशविदेश

नेपाल एयरलाइंस ने पाकिस्तान में दिखा दिया जम्मू कश्मीर और लद्दाख! विवाद के बाद मांगी माफी

नेपाल एयरलाइंस एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में आ गई, जिसमें भारत का गलत नक्शा दिखाया गया था। एयरलाइन ने अपने ‘नेटवर्क मैप’ में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को पाकिस्तान का हिस्सा दिखा दिया था। आलोचना के बाद एयरलाइन ने 24 घंटे के भीतर भारत के गलत नक्शे के लिए माफी मांग ली। उन्होंने इसे नक्शे की गलती या तकनीकी चूक बताया है।

यह मामला तब सामने आया जब एयरलाइन ने बुधवार को यह रूट मैप शेयर किया। इसमें केंद्र शासित प्रदेश ‘जम्मू-कश्मीर और लद्दाख’ को पाकिस्तान के क्षेत्र में दिखाया गया था। पोस्ट वायरल होते ही भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई और #BoycottNepalAirlines ट्रेंड करने लगा। इसके साथ ही, यूजर्स ने भारतीय विदेश मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से इसको लेकर नेपाल सरकार के सामने कूटनीतिक विरोध दर्ज कराने की मांग की।

विवाद बढ़ने के बाद भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “क्या कोई मुझे बता सकता है कि नेपाल एयरलाइंस को भारत के नक्शे के साथ इस तरह की छेड़छाड़ करने के लिए किसने उकसाया और वह भी जम्मू-कश्मीर को लेकर? यह कोई छोटी बात नहीं है,ऐसा लगता है कि यह जानबूझकर किया गया काम है। इस तरह की चीजों को उकसावा कहा जाता है।”

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा,
“माय डियर नेपाल एयरलाइंस, पोस्ट डिलीट करके भाग जाने से काम नहीं चलेगा। जबाब देना पड़ेगा। माफ़ी मांगिए या फिर मंशा बताइए की क्यूं ऐसा किए ? इतना शांत और अच्छा पड़ोसी आख़िर किस मजबूरी में ऐसा गलती करने लगा?”

जैसे-जैसे आलोचना बढ़ी, नेपाल एयरलाइंस ने उस विवादित पोस्ट को हटा दिया और माफी मांगते हुए इसे सुधारने और भविष्य में दोबारा ऐसी चूक न करने की बात कही है। एयरलाइन ने अपने बयान में कहा, नेटवर्क मैप में हुई गलती के लिए हम दिल से माफी मांगते हैं। इस नक्शे में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को लेकर बड़ी नक्शा बनाने संबंधी गलतियां थीं।’ एयरलाइन ने कहा कि इस मामले की आंतरिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts