नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बच्चे की कलाई में बंधी स्मार्ट वॉच अचानक फट गई। इस हादसे में बच्चे की कलाई की चमड़ी उधड़ गई और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, नर्मदापुरम निवासी वेदांत चौधरी अपने जुड़वां भाई सूर्यांश के साथ इटारसी रोड स्थित एक गार्डन में शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात को जब दोनों भाई साथ बैठे थे, तभी वेदांत के हाथ में पहनी स्मार्ट वॉच में अचानक तेज धमाका हो गया।
विस्फोट इतना जोरदार था कि वेदांत के हाथ की चमड़ी छिल गई, वहीं पास बैठे उसके भाई सूर्यांश को भी चोटें आईं। घटना के बाद परिजन दोनों बच्चों को रात करीब 1:30 बजे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया।
डॉक्टर रवि चढ़ार के अनुसार, “गनीमत रही कि चोटें अधिक गहरी नहीं थीं।” प्राथमिक उपचार और मरहम-पट्टी के बाद दोनों बच्चों को घर भेज दिया गया।
उन्होंने आगे बताया, “इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और खिलौनों में इस्तेमाल होने वाली सस्ती लिथियम बैटरी अक्सर ओवरहीटिंग या शॉर्ट सर्किट के कारण खतरनाक साबित हो सकती हैं। बच्चों को ऐसी डिवाइस देते समय गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।”





