बेंगलुरु। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में आज 24 अप्रैल को 34वां मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) आमने-सामने होंगी। यह मैच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होगा।
घरेलू मैदान पर वापसी की कोशिश
मौजूदा चैंपियन आरसीबी ने इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम ने शुरुआती मुकाबलों में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स को हराया, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद टीम ने मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स पर जीत दर्ज की, जबकि दिल्ली कैपिटल्स से हार मिली।
अपने घरेलू मैदान पर पिछली हार के बाद आरसीबी अब वापसी के इरादे से उतरेगी। खास बात यह है कि इस मुकाबले के बाद टीम अपने बाकी घरेलू मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी।
जीटी भी जीत की तलाश में
दूसरी ओर जीटी का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम को पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार मिली, लेकिन इसके बाद उसने दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया। हालांकि, हाल ही में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 99 रन से हार के साथ उसकी जीत की लय टूट गई।
आज का यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम है, जहां आरसीबी घरेलू मैदान पर जीत की राह पर लौटना चाहेगी, वहीं गुजरात टाइटंस भी जीत दर्ज कर अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेगी।





