बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों अपनी हालिया फिल्म भूत बंगला की सफलता को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब वह अपनी अगली फिल्म की तैयारियों में जुट गए हैं।
हॉरर-कॉमेडी की सफलता के बाद अक्षय कुमार एक बार फिर अभिनेत्री विद्या बालन के साथ स्क्रीन शेयर करने जा रहे हैं। दोनों की यह साथ में चौथी फिल्म होगी, जिससे फैंस के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
वीडियो के जरिए किया ऐलान
अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपनी नई फिल्म का ऐलान किया। इस वीडियो में वह विद्या बालन के साथ फ्लाइट की ओर जाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा,
“अगला स्टॉप: भगवान का अपना देश, जादुई केरल। अनीस बज्मी की अगली फिल्म, हमेशा की तरह शानदार विद्या बालन के साथ मेरी चौथी फिल्म है और मुझे उम्मीद है कि हमारी जोड़ी का यह गुड लक चार्म आगे भी बना रहेगा।”
पहले भी रही है हिट जोड़ी
अक्षय और विद्या की जोड़ी पहले भी दर्शकों को खूब पसंद आई है। दोनों ने साथ में भूल भुलैया, हे बेबी और मिशन मंगल जैसी सफल फिल्मों में काम किया है।
‘भूत बंगला’ की शानदार कमाई
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘भूत बंगला’ ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 100 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है, जबकि दुनियाभर में इसकी कमाई 135 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच चुकी है। फिल्म की रिलीज के महज एक हफ्ते के भीतर ही अक्षय कुमार ने अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है।





