रायपुर। सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल को हुए भीषण हादसे में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा मामले में पश्चिम बंगाल के घायल मजदूर विश्वजीत साहू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों का आंकड़ा 25 तक पहुंच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, गंभीर रूप से झुलसे विश्वजीत साहू का इलाज रायपुर के श्री शंकरा हॉस्पिटल में चल रहा था, जहां उन्हें अंडर ऑब्जर्वेशन में रखा गया था। इलाज के दौरान अचानक उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया और उनकी मौत हो गई।
बता दें कि 14 अप्रैल को वेदांता पावर प्लांट में बायलर के फर्नेस में अत्यधिक ईंधन जमा हो जाने से दबाव असामान्य रूप से बढ़ गया था। इसी दबाव के कारण बायलर का निचला पाइप अपनी जगह से हट गया और विस्फोट हो गया। घटना में कई मजदूर झुलस गए थे, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
इस मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल सहित 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 289 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
उच्चस्तरीय जांच जारी
हादसे की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर संभाग के आयुक्त को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच को पारदर्शी बनाने के लिए आम नागरिकों, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित पक्षों से साक्ष्य और दस्तावेज मांगे गए हैं।
जो भी व्यक्ति इस हादसे से जुड़ी जानकारी देना चाहता है, वह 29 अप्रैल को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच आयुक्त कार्यालय, बिलासपुर संभाग में उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकता है।
बिलासपुर संभाग आयुक्त सुनील जैन ने कहा है कि “इस जांच का उद्देश्य दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाना, दोषियों की जिम्मेदारी तय करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना है। इसलिए आमजन से अपेक्षा है कि वे उपलब्ध तथ्यों के साथ सहयोग प्रदान करें।”





