देश की राजधानी दिल्ली कैलाश हिल्स इलाके में बुधवार सुबह जो हुआ, उसने पूरे देश को झकझोर दिया. एक 22 साल की युवती घर पर अकेली थी इसी दौरान उसके ही पुराने नौकर ने उसपर हमला कर दिया. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पहले स्टडी रूम में रखे लैंप से उस पर वार किया, जिससे वह बेहोश हो गई. इसके बाद उसने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं और वारदात को अंजाम दिया. मामला यहीं खत्म नहीं हुआ. आरोपी ने घायल युवती को घसीटकर नीचे लाया और बायोमेट्रिक लॉकर खोलने की कोशिश की. यह घटना सिर्फ एक क्राइम नहीं है. यह समाज में छिपी क्रूर मानसिकता का आईना है जो इन दिनों लगातार बढ़ता जा रह है. सवाल यह भी है कि भरोसे के रिश्ते कब खतरे में बदल जाते हैं. यह केस डर, गुस्सा और कई कई सवाल छोड़ गया है. जांच में जो परतें खुल रही हैं वे और भी ज्यादा खौफनाक हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने बताया कि आरोपी का मकसद सिर्फ चोरी नहीं था, बल्कि हमला पहले से सोचा-समझा लग रहा है. उसने घर की डेली लाइफ और सिक्योरिटी की जानकारी का पूरा फायदा उठाया. घटना के बाद उसने कपड़े बदले, सामान समेटा और फरार हो गया. लेकिन तकनीकी और फॉरेंसिक जांच ने उसके बच निकलने के रास्ते बंद कर दिए. यह मामला कानून व्यवस्था के साथ-साथ घरेलू सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है.
- IRS Daughter Murder Case Live: दिल्ली के अमर कॉलोनी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. आरोपी की निशानदेही पर एक लाख से ज्यादा कैश और हत्या के बाद लूटी गई ज्वेलरी बरामद कर ली गई है. यह बरामदगी द्वारका के उसी होटल से हुई, जहां से आरोपी को गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी के साथ होटल में पूरे घटनाक्रम का नाट्यरूपांतरण भी किया, ताकि सीक्वेंस स्पष्ट हो सके. पूछताछ में आरोपी अब तक दो रेप की वारदात कबूल कर चुका है. इसके अलावा पुलिस ने उन लोगों की भी पहचान कर ली है, जिनसे आरोपी ने कर्ज लिया हुआ था, इससे उसकी आपराधिक मंशा और आर्थिक दबाव की कड़ी भी सामने आई है.
- IRS Daughter Murder Case Live: राजस्थान और दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार जांच में आरोपी का व्यवहार बेहद चिंताजनक पाया गया है और वह हिंसक प्रवृत्ति का नजर आ रहा है. शुरुआती पड़ताल में उसके गांव में भी उसकी छवि अच्छी नहीं बताई गई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक वह और उसका पिता दोनों ही आसपास के लोगों के बीच बदनाम रहे हैं, पिता को शराब की लत थी और आरोपी खुद भी गलत संगत में रहने वाला माना जाता था. इसके अलावा उसे तीन पत्ती समेत कई ऑनलाइन गेम्स की लत थी, जिसने उसकी आर्थिक और मानसिक स्थिति पर असर डाला. पुलिस अब उसके पूरे आपराधिक और सामाजिक इतिहास को खंगाल रही है, ताकि केस को मजबूत बनाया जा सके और अदालत में पुख्ता चार्जशीट पेश की जा सके.
- IRS Daughter Murder Case Live: इस पूरे मामले में आरोपी की सबसे बड़ी गलती ट्रेन छूटना और उसके बाद द्वारका के होटल में रुकने का फैसला था. अगर वह समय पर ट्रेन पकड़ लेता, तो शायद दिल्ली से बाहर निकल जाता और पुलिस के लिए उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो जाता. लेकिन ट्रेन छूटने के बाद उसने जल्दबाजी में होटल लिया और वहां अपनी पहचान के लिए आईडी दी. यही कदम उसके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत बन गया. होटल के रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और WiFi इस्तेमाल की डिजिटल ट्रेल ने पुलिस को सीधा उसकी लोकेशन तक पहुंचा दिया. यानी जो जगह उसने छिपने के लिए चुनी, वही उसकी गिरफ्तारी का सबसे मजबूत कारण बन गई.




