मध्यप्रदेश

एमपी में भीषण गर्मी का कहर, पहली बार ‘वॉर्म नाइट’ अलर्ट, डिंडोरी में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी

भोपाल। मध्य प्रदेश में तेज गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पूरे प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। इस बीच मौसम विभाग ने इस सीजन में पहली बार ‘वॉर्म नाइट’ का अलर्ट जारी किया है, जिससे साफ है कि अब रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली।

मंगलवार को भोपाल समेत 9 शहरों—छिंदवाड़ा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, सिवनी, पांढुर्णा, बालाघाट और मंडला में ‘वॉर्म नाइट’ की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

डिंडोरी में हीटवेव का खतरा
मौसम केंद्र ने डिंडोरी जिले में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। यहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार जाने के आसार हैं। वहीं इंदौर और ग्वालियर में भी पारा 42 डिग्री से ऊपर रह सकता है।

खजुराहो रहा सबसे गर्म
छतरपुर जिले का खजुराहो प्रदेश में सबसे अधिक गर्म रहा, जहां सोमवार को तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा ग्वालियर में 42.5 डिग्री, दतिया में 42.3 डिग्री, सीधी और रतलाम में 42.2 डिग्री, श्योपुर और रीवा में 42 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
रायसेन में 41.6 डिग्री, नौगांव में 41.5 डिग्री, नरसिंहपुर में 41.4 डिग्री, भोपाल में 39.8 डिग्री, इंदौर और उज्जैन में 39.5 डिग्री और जबलपुर में 38.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

मौसम में बदलाव के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते तीन दिन से मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के साथ टर्फ की एक्टिविटी देखने को मिल रही है। जिसके कारण कुछ क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं। दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं आंधी और बारिश भी हुई है।

इसके अलावा 23 अप्रैल को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, हालांकि इसका असर मध्य प्रदेश में सीमित रहने की संभावना है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts