उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में आज पंजाबी गायक और अभिनेता अमित भल्ला, जिन्हें फैंस ‘निंजा’ के नाम से जानते हैं, दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने तड़के होने वाली भस्म आरती में हिस्सा लिया और पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
महाकाल की नगरी में अलग अनुभव
दर्शन के बाद निंजा ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि महाकाल की नगरी में जो ऊर्जा और अलौकिक आनंद मिलता है, उसे शब्दों में पिरोना कठिन है।
उन्होंने कहा, “बाबा के दर्शन कर ऐसा आभास हुआ जैसे स्वयं भोलेनाथ का आशीर्वाद साक्षात मिल गया हो।”
निंजा अपने लोकप्रिय गानों ‘आदत’ और ‘रोइ ना’ के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘चन्ना मेरेया’ जैसी फिल्मों में भी काम किया है। इस दौरान उन्होंने अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स की सफलता के लिए भी बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।




