छत्तीसगढ़

महिला आरक्षण बिल पर BJP का प्रदर्शन, रायपुर में निकली जनआक्रोश यात्रा, CM साय हुए शामिल

रायपुर। महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित नहीं होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को राजधानी रायपुर में जनआक्रोश यात्रा निकालकर विरोध दर्ज कराया। भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में निकली यह रैली बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक पहुंची, जहां सभा आयोजित की गई।

इस रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद रूपकुमारी चौधरी, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और कमलेश जांगड़े समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान नेताओं ने महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा— “यह महिलाओं का आक्रोश है और इंडी महागठबंधन महिला विरोधी है।”

27 अप्रैल तक चलेगा अभियान
भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर देशभर में कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन की रणनीति बनाई है। इसके तहत छत्तीसगढ़ में भी चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

20 अप्रैल: जन आक्रोश महिला पदयात्रा
23-24 अप्रैल: जन आक्रोश महिला सम्मेलन
26-27 अप्रैल: मंडल स्तर पर पुतला दहन

विशेष सत्र में लाया गया था प्रस्ताव
महिला आरक्षण बिल को पारित कराने के लिए केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया था, लेकिन मतदान के दौरान आवश्यक बहुमत नहीं मिल सका। लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) के तहत पेश इस विधेयक के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि 230 सांसदों ने विरोध में मतदान किया। बिल को पास कराने के लिए 352 मतों की जरूरत थी।

इस प्रस्ताव में लोकसभा सीटों को 543 से बढ़ाकर 816 करने और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान शामिल था। भाजपा इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम बता रही है और इसके विरोध को लेकर विपक्ष पर सवाल उठा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts