रायपुर। छत्तीसगढ़ में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर एनएसयूआई का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को एनएसयूआई कार्यकर्ता उच्च शिक्षा मंत्री के बंगले का घेराव करने निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा, “छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर मंत्री बंगला जा रहे थे। इस दौरान पुलिस को आगे कर हमें रोक दिया गया।” उन्होंने आगे कहा, “छत्तीसगढ़ में पिछले 10 सालों से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुआ है। छात्रसंघ चुनाव कराना ही हमारा मकसद है। यदि हमारी मांग नहीं मानी जाती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।”
विधायकों को सौंपेंगे ज्ञापन
नीरज पांडेय ने बताया, “कल से सभी विधायकों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। 20 अप्रैल को मशाल रैली निकाली जाएगी। अगर फिर भी सुनवाई नहीं हुई तो फिर सीएम हाउस का घेराव करेंगे।”
इससे पहले भी एनएसयूआई कार्यकर्ता प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों का घेराव कर चुके हैं और छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग उठा चुके हैं।





