रायपुर में नशीली दवाओं के एक मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए ओडिशा के दो फरार आरोपियों को पकड़ लिया है। ये दोनों आरोपी 28 जनवरी की घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गिरफ्तार आरोपी मधु मिश्रा को गांजा एवं प्रतिबंधित टैबलेट (नाइट्रोसन) की बिक्री करते थे। मंगलवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामला थाना तिल्दा नेवरा का है।
गौरतलब है कि पुलिस ने 28 जनवरी को छापेमारी कर मधु मिश्रा को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 73 किलो गांजा, प्रतिबंधित टैबलेट (नाइट्रोसन), 1,87,000 रुपए नकद, छह मोबाइल फोन, एक टैब और तीन बटनदार चाकू बरामद किए गए थे। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 41,75,000 रुपए बताई गई थी।
इस मामले से जुड़े अन्य आरोपी प्रणब कुमार नाइक निवासी जिला कालाहाण्डी ओडिशा और सफीकुल रहमान निवासी जिला नुवापाड़ा ओडिशा फरारी काट रहे थे। मुखबिर के सूचना पर तिल्दा नेवरा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो बताया कि आरोपी मधु मिश्रा को गांजा और प्रतिबंधित टैबलेट (नाइट्रोसन) की बिक्री करते थे।





