गुवाहाटी। आईपीएल 2026 में आज एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा, जहां राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगी। यह मैच गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में अनुभवी विराट कोहली के सामने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी नजर आएंगे।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी रजत पाटीदार के हाथों में है, जबकि राजस्थान रॉयल्स की कमान रियान पराग संभाल रहे हैं। राजस्थान अब तक अपने तीनों मैच जीतकर शानदार फॉर्म में है और आज जीत की हैट्रिक पूरी करने उतरेगी। वहीं आरसीबी ने भी अपने दोनों मुकाबले जीतकर दमदार शुरुआत की है और वह भी जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेगी।
हेड टू हेड में किसका पलड़ा भारी?
अगर दोनों टीमों के बीच पिछले मुकाबलों की बात करें, तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। अब तक खेले गए मैचों में बेंगलुरु ने 17 बार जीत हासिल की है, जबकि राजस्थान 14 बार ही जीत पाई है।
पिच और मौसम रिपोर्ट
बरसापारा स्टेडियम की पिच पर आज लो स्कोरिंग थ्रिलर देखने को मिल सकता है। मौसम की बात करें तो मैच के समय बारिश की उम्मीद नहीं है। हालांकि, आसमान पर बादल छाए रह सकते हैं। नई गेंद से शुरुआत में तेज गेंदबाजों को पिच से मदद मिल सकती है, क्योंकि पिछले कई दिनों से खराब मौसम की वजह से पिच ढकी हुई है।





