पुणे। साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां 75 वर्षीय एक डॉक्टर को 11 दिनों में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 12.31 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। जालसाजों ने स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर उन्हें अपने जाल में फंसाया।
धोखाधड़ी की शुरुआत जनवरी में हुई, जब पीड़ित को एक अनजान नंबर से मैसेज मिला। इसमें शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का प्रस्ताव दिया गया था। रुचि दिखाने पर साइबर ठगों ने उन्हें “VIP Stock 24” नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया।
इस ग्रुप के जरिए आरोपी लगातार ऐसे निवेश प्लान साझा करते रहे, जो काफी आकर्षक लगते थे। डॉक्टर को भरोसा दिलाया गया कि उनके निर्देशों का पालन करने पर उनका पैसा महज 11 दिनों में कई गुना बढ़ जाएगा और 54 करोड़ रुपये तक का रिटर्न मिल सकता है। इसी लालच में आकर उन्होंने कई हफ्तों तक अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर किए।
फर्जी ऐप के जरिए किया गया फ्रॉड
पुलिस के अनुसार, रुचि व्यक्त करने के बाद पीड़ित को एक धोखाधड़ी वाले ट्रेडिंग एप्लिकेशन पर निर्देशित किया गया, जिसका नाम एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फर्म के नाम से काफी मिलता-जुलता था। उनसे उनकी निजी और बैंकिंग जानकारी ली गई और फिर अलग-अलग खातों में पैसे जमा करवाए गए।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, भेजी गई रकम को उस फर्जी ऐप पर निवेश के रूप में दिखाया गया। साथ ही नकली मुनाफा भी दिखाया जाता रहा, जिससे पूरा सिस्टम असली जैसा लगे।
8 खातों में ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये
7 मार्च से 18 मार्च के बीच डॉक्टर ने आठ अलग-अलग बैंक खातों में कुल 12.31 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। जब उन्होंने आगे निवेश करने में हिचकिचाहट दिखाई, तो आरोपियों ने उनकी संपत्ति जब्त करने की धमकी दी और लगातार पैसे भेजने का दबाव बनाया।
करीब तीन महीने तक पीड़ित रिटर्न मिलने की उम्मीद में पैसे भेजता रहा, लेकिन जब कोई रकम वापस नहीं मिली और ठगों की मांग बढ़ती गई, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।





