भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने छात्रों के हित में एक बड़ा और अहम फैसला लिया है। बोर्ड ने वर्षों से चली आ रही पूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षा प्रणाली को समाप्त करने का फैसला लिया है। इसकी जगह अब “द्वितीय परीक्षा” आयोजित की जाएगी, जिसमें ज्यादा छात्रों को मौका मिलेगा।
नई व्यवस्था के तहत अब केवल फेल हुए छात्र ही नहीं, बल्कि वे छात्र भी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे जो अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं और बेहतर परिणाम चाहते हैं। यानी छात्र अब अपनी श्रेणी सुधारने के लिए भी इस परीक्षा का लाभ उठा सकेंगे। इससे छात्रों को अपने रिजल्ट में सुधार करने का बेहतर अवसर मिलेगा।
बोर्ड द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार, 12वीं की द्वितीय परीक्षा 7 मई से 25 मई तक आयोजित की जाएगी, जबकि 10वीं की परीक्षा 7 मई से 19 मई के बीच होगी।
इस परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों को मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद केवल सात दिनों के भीतर आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी। छात्र अपने नजदीकी एमपी ऑनलाइन कियोस्क पर जाकर निर्धारित शुल्क जमा कर आसानी से आवेदन कर सकेंगे।





