रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 12वीं कक्षा के हिंदी प्रश्नपत्र लीक होने के बाद बड़ा फैसला लेते हुए परीक्षा को रद्द कर दिया था। अब यह परीक्षा दोबारा 10 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में प्रदेशभर के करीब ढाई लाख विद्यार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा रद्द होने से उन विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ गई है, जो व्यापमं की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे शहरों में गए हुए थे। अब वे छात्र वापस लौटने लगे हैं। मंडल द्वारा सभी परीक्षार्थियों को दोबारा प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे।
केंद्र वही रहेंगे, नहीं होगा बदलाव
मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। यानी छात्र पहले जिस केंद्र पर परीक्षा दे चुके थे, उसी केंद्र पर उन्हें दोबारा परीक्षा देनी होगी। परीक्षा में प्रदेश के लगभग ढाई लाख विद्यार्थी शामिल होंगे।
एक घंटे पहले पहुंचेगा प्रश्नपत्र
हिंदी विषय की परीक्षा 10 अप्रैल को सुबह 9 बजे से शुरू होगी। परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले ही प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। वहीं, परीक्षा से दो दिन पहले प्रश्नपत्र संबंधित थानों में सुरक्षित रखे जाएंगे।
दरअसल, 14 मार्च को आयोजित हिंदी परीक्षा के बाद 15 और 16 मार्च को सेट ‘बी’ के प्रश्नपत्र लीक होने के दावे सोशल मीडिया पर सामने आए थे। इन आरोपों के बाद छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया था।
कॉपियों की जांच जारी, रिजल्ट में हो सकती है देरी
इधर 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का पहला चरण पूरा हो चुका है और अब दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। ऐसे में इस बार बोर्ड परीक्षा के नतीजों में देरी होने की संभावना जताई जा रही है। आमतौर पर परिणाम मई के पहले सप्ताह में घोषित किए जाते थे।
फर्जी कॉल से सावधान रहने की अपील
माशिमं ने छात्रों और अभिभावकों को फर्जी फोन कॉल से सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मंडल के अनुसार,
“वर्ष 2024 और 2025 में कुछ छात्रों और उनके अभिभावकों को फर्जी फोन काल आए थे। इन काल्स में पैसे लेकर परीक्षा परिणाम सुधारने का प्रलोभन दिया गया था।”
मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित नियमों के तहत होती हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार के झांसे में न आएं।
बोर्ड ने यह भी सलाह दी है कि यदि कोई संदिग्ध कॉल आए या पैसे की मांग की जाए, तो उस पर भरोसा न करें और तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।





